UP: मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी,बलिया गांव में दहशत

UP: मुरादाबाद में ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बलिया गांव में तेंदुओं का आतंक लगातार जारी है। तेंदुओं की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें हर समय तेंदुए के हमले का डर सताता रहता है और खेतों की ओर जाने में भी लोग घबराते हैं।

मामले से जुड़ी जानकारी

बलिया गांव में तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय काफी बढ़ गया है। बुधवार को एक बार फिर गांव के आसपास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना सामने आई। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने एक कुत्ते पर हमला कर दिया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए लगातार आबादी के आस-पास घूम रहे हैं। इस स्थित के चलते शाम होते ही लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

ALSO READ : मथुरा: आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई समन्वय बैठक

वहीं वन विभाग की टीम तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। वन विभाग के अनुसार ठाकुरद्वारा क्षेत्र से अब तक सात तेंदुओं को सुरक्षित पकड़ा जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में तेंदुओं की गतिविधियां लगातार सामने आने से लोगों की चिंता कम नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए टीम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तेंदुओं के आतंक से निजात दिलाने के लिए और प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है।

अब ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी रखे और आबादी के आसपास घूम रहे तेंदुओं को जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़कर ग्रामीणों को इस दहशत से राहत दिलाई जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)