UP: बहराइच में तेंदुए का आतंक, शौच के लिए निकले युवक पर जानलेवा हमला

UP: बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की मोतीपुर रेंज के चंदनपुर गांव में बुधवार सुबह तेंदुए के हमले से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय अख्तर उर्फ झनकू घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों के पहुंचने पर भागा तेंदुआ

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की मौजूदगी देखकर तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया। हमले में घायल अख्तर को परिजन और ग्रामीण तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

Also Read: UP: रायबरेली में सनसनीखेज वारदात, पानी की टंकी पर सो रहे चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में मची सनसनी

गांव में फैली दहशत, सुरक्षा की मांग

घटना के बाद चंदनपुर गांव में भय का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के साथ ही इलाके में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि लगातार वन्यजीवों की गतिविधियों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम काफी देर से मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की मौजूदगी के संकेत मिल चुके हैं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है।

Also Read: UP: मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, चचेरे भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गश्त बढ़ाने का आश्वासन

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। विभाग की ओर से बताया गया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)