UP: दिल्ली जाने निकला था लवलेश, रास्ते में नाले ने छीन ली जिंदगी

बांदा: बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव के मजरा बनई पुरवा निवासी 27 वर्षीय लवलेश यादव की नाले में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। रविवार शाम घर से दिल्ली जाने के लिए निकला लवलेश रास्ते में नाले में डूब गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गोताखोरों ने दोबारा तलाश शुरू की तो काफी मशक्कत के बाद लवलेश का शव बरामद कर लिया गया।

घर से निकला, फिर नहीं लौटा

लवलेश यादव पुत्र धर्मपाल यादव दिल्ली में रहकर प्लंबर का काम करता था। बताया गया कि रविवार शाम करीब चार बजे वह दिल्ली जाने के लिए अतर्रा रेलवे स्टेशन की ओर पैदल निकला था। चौंसड़ गांव के पास नाले के समीप वह अचानक गहरे पानी में डूब गया।

ALSO READ: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

रातभर तलाश, सुबह मिली लाश

लवलेश के नाले में डूबने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों को सूचना दी गई और नाले में उसकी तलाश शुरू की गई। अंधेरा होने तक तलाश जारी रही, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।सोमवार सुबह गोताखोरों की मदद से फिर तलाश अभियान चलाया गया। करीब 10 बजे गोताखोरों ने नाले से लवलेश का शव बरामद कर लिया।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

शव देखते ही मच गई चीख-पुकार

जैसे ही लवलेश का शव मिला, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्थिति और स्पष्ट होगी।घर से दिल्ली कमाने निकला था युवक, लेकिन रास्ते में नाले ने जिंदगी का सफर ही खत्म कर दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)