आजमगढ़: नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी कर फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में तरवां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वन विभाग में नौकरी दिलाने और असम राइफल्स में नियुक्ति कराने का झांसा देकर रकम लेने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया।
पुलिस के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के रासेपुर निवासी संदीप जायसवाल ने न्यायालय के आदेश पर 1 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि नागेन्द्र यादव, डब्लू यादव निवासी पहलवानपुर तथा दीपक गौड़ निवासी भड़सर, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर ने खुद को वन विभाग में कार्यरत बताते हुए असम राइफल्स में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपियों ने संदीप से कुल 11 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि इसके बाद संदीप के नाम से कूटरचित नियुक्ति पत्र तैयार कर उसे भेजा गया और उसके मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रख लिए गए। नौकरी लगने का भरोसा दिलाकर उसे गुवाहाटी तक भेजा गया, लेकिन बाद में नौकरी नहीं लगवाई गई। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रुपेश कुमार सिंह कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवार को उपनिरीक्षक रुपेश कुमार सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी नागेन्द्र यादव पुत्र राजनाथ यादव (27) निवासी कस्बा पहलवानपुर, थाना तरवां को रासेपुर बाजार से सुबह करीब 9:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 420, 467, 468, 471 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रुपेश कुमार सिंह और कांस्टेबल अरविन्द कुमार शामिल रहे।



















































