UP: कम है अटेंडेंस तो BHU के हॉस्टल से होंगे बाहर, मेडल से भी वंचित रहेंगे छात्र, विश्वविद्यालय ने लिया फैसला

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने छात्रों की उपस्थिति को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। मानक से कम अटेंडेंस वाले छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित किया जा सकता है। खाली होने वाले कमरे उन छात्रों को आवंटित किए जाएंगे, जो निर्धारित अटेंडेंस पूरी करते हुए मेरिट में अगले स्थान पर होंगे। वहीं, नियमित उपस्थिति वाले छात्रों को सेशनल परीक्षा में पांच अतिरिक्त अंक देने का प्रावधान किया गया है।

विश्वविद्यालय के विज्ञान संस्थान के प्रस्ताव को हाल में हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में मंजूरी दी गई। नई व्यवस्था के तहत कम अटेंडेंस वाले छात्रों को अगले सेमेस्टर में मेरिट रैंक, अवार्ड, मेडल और स्कॉलरशिप जैसी सुविधाओं के लिए भी अयोग्य घोषित किया जा सकता है। हालांकि, न्यूनतम अटेंडेंस पूरी न होने पर भी छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने की व्यवस्था रखी गई है।

ALSO READ: Raebareli में जमीनी विवाद का खूनी अंत: एम्स में इलाज के दौरान घायल की मौत, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

विश्वविद्यालय की ऑर्डिनेंस के अनुसार छात्रों के लिए कक्षाओं में 100 प्रतिशत उपस्थिति का लक्ष्य रखा गया है। उचित कारण होने पर निर्धारित सीमा तक अटेंडेंस में छूट दी जा सकती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक सामान्य परिस्थितियों में अधिकतम 30 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। इसमें कुछ छूट स्वतः दी जा सकती है, जबकि निर्धारित हिस्से की छूट डीन के स्तर से स्वीकृत की जा सकती है।

खेल प्रतियोगिता, शैक्षणिक भ्रमण, युवा महोत्सव और लंबी बीमारी जैसे विशेष मामलों में अतिरिक्त छूट पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, नियमों के तहत निर्धारित अधिकतम सीमा से अधिक छूट स्वीकार नहीं की जाएगी।

Also Read: बलिया में सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों के लिए मेजर और माइनर के अलावा एबिलिटी एनहैंसमेंट, स्किल एनहैंसमेंट, वैल्यू एडेड और मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इनकी कक्षाएं अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण छात्रों की उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार करना विश्वविद्यालय के लिए चुनौती बन रहा है।

इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने सभी छात्रों की अटेंडेंस की निगरानी और उसका रिकॉर्ड रखने पर जोर दिया है। सत्र 2025-26 में कम उपस्थिति वाले छात्रों के अभिभावकों को भी विश्वविद्यालय की ओर से उनके बच्चों की अटेंडेंस के संबंध में जानकारी दी गई थी। नई व्यवस्था के तहत अब नियमित उपस्थिति को छात्रों की शैक्षणिक और हॉस्टल सुविधाओं से भी जोड़ा गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)