UP: बलिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने तहसील सदर में तैनात एक राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जमीन की पैमाइश कराने के बदले शिकायतकर्ता से पैसे की मांग कर रहा था।
ग्रामीण ने एंटी करप्शन टीम से की थी शिकायत
सोनवानी गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने आजमगढ़ स्थित एंटी करप्शन इकाई से शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम जमीन की पैमाइश के लिए उनसे लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
Also Read: बहराइच: एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार की रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार
योजना बनाकर बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की जांच की और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की रणनीति बनाई। तय योजना के अनुसार 17 जून को कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
5000 रुपये लेते ही दबोचा गया कानूनगो
दोपहर करीब 12:25 बजे तहसील सदर के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर-22 में जैसे ही राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम ने 5000 रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोतवाली ले जाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई की गई।
Also Read: UP एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई : तीन सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
14 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
मौके पर मौजूद गवाहों के सामने रिश्वत की रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर कमलेश कुमार पासवान ने किया, जबकि आजमगढ़ इकाई के कुल 14 सदस्य इस अभियान में शामिल रहे।
















































