UP: सहारनपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा 2.0’ के तहत गंगोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 24 लाख रुपये कीमत की 120 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक इग्निस कार भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई।
मुखबिर की सूचना पर चेकिंग में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को गंगोह थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्मैक की खेप लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पशु पैठ चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। जांच में रिजवान निवासी यमुनानगर (हरियाणा) के पास से 100 ग्राम, जबकि अफजाल निवासी कातला और नीरज उर्फ बिट्टू निवासी पीरपुरा लखनौती के पास से 10-10 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
Also Read: करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर
तस्करी में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने की जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से HR 02 AZ 7224 नंबर की इग्निस कार भी जब्त कर ली, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर स्मैक की तस्करी में किया जा रहा था। तीनों आरोपियों के खिलाफ गंगोह थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में नशा बेचने का किया खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे खुद भी स्मैक के सेवन के आदी हैं। नशे की लत और अधिक कमाई के लालच में उन्होंने स्मैक बेचने का कारोबार शुरू किया था। तीनों मिलकर नशा करने वाले लोगों की तलाश करते थे और उन्हें स्मैक बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस अब उनके बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अफजाल के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















































