UP: कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद में बड़ा ट्रैफिक प्लान, 14 से 17 अगस्त तक भारी वाहनों की नो एंट्री

मुरादाबाद: कांवड़ यात्रा वर्ष 2026 को लेकर मुरादाबाद यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ा डायवर्जन प्लान जारी किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 14 अगस्त की सुबह 8 बजे से 17 अगस्त की शाम 6 बजे तक एनएच-09 पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

यातायात पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद से बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गागन तिराहा, मैनाठेर, सिरसी, संभल, गवां रोड और खिरनी कट होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

वहीं मुरादाबाद से दिल्ली और मेरठ की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। दिल्ली जाने वाले वाहन गागन तिराहा से मैनाठेर, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेंगे। मेरठ जाने वाले वाहनों को हापुड़ के रास्ते मेरठ भेजा जाएगा।

Also Read: 3000 शराब की दुकानों का The End…राजस्व में ‘धुरंधर’ निकला आबकारी विभाग

रामपुर और बिजनौर जाने वाली बसों के लिए भी बदला रूट

यातायात पुलिस ने बसों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन रूट तय किए हैं। मुरादाबाद से रामपुर जाने वाली बसें आजादनगर से कुन्दरकी, बिलारी और शाहबाद होते हुए रामपुर जाएंगी और इसी मार्ग से वापस लौटेंगी।

वहीं मुरादाबाद से बिजनौर जाने वाली बसों को प्रेम बंडरलैंड, रामपुर दोराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर होते हुए संचालित किया जाएगा।

रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी गागन तिराहा, मैनाठेर, सिरसी, बिलारी और शाहबाद के रास्ते भेजने की व्यवस्था की गई है।

Also Read: UP: सड़क, बिजली, बाढ़ और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभारी मंत्री ने कसी अधिकारियों की नकेल, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं डायवर्जन रूट

यातायात पुलिस ने बताया कि 14 अगस्त से 17 अगस्त तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात की स्थिति और आवश्यकता को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था में जरूरत के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )