UP: घर में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से किए कई वार, जांच में जुटी पुलिस

UP: बांदा केपैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घर में अकेले सो रहे 40 वर्षीय दीपक सिंह पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक के गले, हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर करीब पांच वार किए गए। घायल ने हमलावरों पर 25 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है।

सोते वक्त अचानक हमला, गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

चंदवारा निवासी दीपक सिंह पुत्र स्व. तरुण सिंह के अनुसार, वह रात में अपने घर में अकेला सो रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी जसपुरा में भर्ती कराया।

Also Read: UP: नाबालिग से कथित अप्राकृतिक कृत्य का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्ता

हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

सीएचसी जसपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दीपक की हालत गंभीर देखते हुए उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा रेफर कर दिया। घायल के शरीर पर कई चोटें बताई गई हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुराने विवाद के चलते हमले का शक

घायल के बहनोई भूरा सिंह कछवाह ने पैलानी थाने में घटना को लेकर तहरीर दी है। दीपक ने गांव के ही सुरेंद्र पुत्र मुन्नीलाल वर्मा पर हमले में शामिल होने का शक जताया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके अलावा घायल ने दो अज्ञात लोगों के भी वारदात में शामिल होने की आशंका जाहिर की है।

Also Read: UP: खेत के रास्ते को लेकर खूनी भिड़ंत, दो पक्ष आमने-सामने, नौ पर मुकदमा, दो गिरफ्तार

लूट या रंजिश? दोनों एंगल से जांच में जुटी पुलिस

घटना में 25 हजार रुपये लूटे जाने के आरोप और पुराने विवाद का कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पैलानी थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी के साथ दो अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया या लूट वारदात का मुख्य मकसद था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)