UP: चंदौली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व नजदीक आते ही नगर के बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण और लड्डू गोपाल के श्रृंगार से संबंधित दुकानों पर आकर्षक सामान सजाए गए हैं। बाजार में पालकी, पोशाक, मुकुट, बांसुरी समेत पूजा और सजावट से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री शुरू हो गई है।
पालकी और पोशाक की मांग ज्यादा
दुकानदार मोहित कुमार के मुताबिक इस बार ग्राहकों के बीच पालकी की मांग सबसे अधिक है। इसके साथ ही लड्डू गोपाल के लिए नए डिजाइन की पोशाक, आकर्षक मुकुट और बांसुरी भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। दुकानदारों का कहना है कि जन्माष्टमी को लेकर खरीदारी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है।
20 से 5 हजार रुपये तक सामान उपलब्ध
बाजार में श्रीकृष्ण श्रृंगार और सजावट से जुड़े सामान अलग-अलग कीमतों में उपलब्ध हैं। लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं 100 से 700 रुपये, ड्रेस 30 से 100 रुपये, मुकुट 20 से 350 रुपये और बांसुरी 20 से 100 रुपये तक बिक रही है। वहीं सजावट का सामान 100 से 250 रुपये और झालर 100 से 500 रुपये तक उपलब्ध है।
3600 रुपये तक पहुंची पालकी की कीमत
पालकी की कीमत उसके आकार, डिजाइन और सजावट के अनुसार तय की गई है। बाजार में पालकी की कीमत अधिकतम करीब 3,600 रुपये तक है। दुकानदार के अनुसार सामान्य से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली पालकियां ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। वहीं जन्माष्टमी की तैयारियों को देखते हुए आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
Also Read: UP: जन्माष्टमी से पहले जगमगाएगा मथुरा-वृंदावन, नगर आयुक्त ने देर रात परखी तैयारियां
बारिश ने कारोबार की रफ्तार पर लगाया ब्रेक
दुकानदार मोहित कुमार ने बताया कि खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण बाजार में अभी अपेक्षित भीड़ नहीं जुट रही है। ग्राहक कम संख्या में खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबारियों की चिंता बढ़ी हुई है। हालांकि दुकानदारों को उम्मीद है कि जन्माष्टमी के दिन मौसम में सुधार होने पर बाजारों में रौनक बढ़ेगी और बिक्री में भी तेजी आएगी।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )















































