10 दिन से बिजली गुल! इटावा में पृथ्वीपुर के ग्रामीण बेहाल, विभाग पर लापरवाही का आरोप

UP: इटावा में जनपद के ग्राम पृथ्वीपुर में पिछले करीब 10 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के एक हिस्से में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। लगातार बिजली न आने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के कामकाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई दिनों से है, इसके बावजूद अब तक खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाने की कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि वे समस्या के समाधान के लिए कई बार विद्युत विभाग के दफ्तर और अधिशासी अभियंता (Ex-EN) कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। इसके अलावा जेई से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

Also Read: UP: देवबंद में बिजली संकट पर संग्राम, सपा नेता और CO के बीच तीखी तकरार

ग्रामीणों का कहना है कि आज के मशीनी युग में कुछ घंटे बिजली की कटौती भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाती है, जबकि पृथ्वीपुर में लगातार 10 दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। बिजली न होने से घरेलू कार्य, पानी की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग और बच्चों की पढ़ाई समेत कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही और समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)