UP: राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन ने दहेज प्रथा के खिलाफ देशव्यापी अभियान को लेकर बड़ा ऐलान किया है. संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने बलिया शहर के जेपी नगर स्थित संस्था के कार्यालय में प्रेस वार्ता कर आगामी सामूहिक विवाह समारोह की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में 51 हजार जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा. आयोजन का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत दिलाना है.
राज्यपालों और वरिष्ठ अधिकारियों से समर्थन का दावा
राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने बताया कि संस्था के संस्थापक निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्य सचिवों और भारत सरकार के गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. उनके अनुसार, अधिकारियों ने संस्था के दहेज मुक्त भारत अभियान की सराहना करते हुए समर्थन का आश्वासन दिया है. उन्होंने दावा किया कि 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल होंगे.
30 अक्टूबर को लखनऊ में होगा विशाल आयोजन
राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित मान्यवर श्री कांशीराम सांस्कृतिक स्थल पर विशाल सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. संस्था के मुताबिक, इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले 51 हजार जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा.आयोजन के दौरान नवविवाहित जोड़ों को संस्था की ओर से विभिन्न उपहार और गृहस्थी से जुड़ी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है. संस्था का दावा है कि यह आयोजन दहेज प्रथा के खिलाफ देशव्यापी संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा.
सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश पास
संस्था ने सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले जोड़ों के लिए सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित की है. बताया गया कि 1 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक पात्र जोड़ों का सत्यापन किया जाएगा. सत्यापन के बाद चयनित जोड़ों को विशेष प्रवेश पत्र और सामग्री पास कार्ड जारी किया जाएगा.संस्था के अनुसार, इसी कार्ड के आधार पर समारोह स्थल पर प्रवेश और उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री का वितरण किया जाएगा. बिना प्रवेश पास कार्ड के किसी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और न ही सामग्री वितरित की जाएगी. जांच के दौरान कोई आवेदक फर्जी या निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है तो उसका नाम सूची से हटा दिया जाएगा.
दहेज मुक्त भारत का लिया संकल्प
राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन ने दहेज प्रथा को सामाजिक बुराई बताते हुए इसे समाप्त करने का संकल्प दोहराया. राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने लोगों से अपील की कि इस अभियान में सहयोग करें और अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद जोड़ों को सामूहिक विवाह कार्यक्रम से जोड़ें. उन्होंने कहा कि दहेज मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है.

















































