UP: बांदा जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक बड़े अड्डे का पर्दाफाश किया। मवई बाईपास रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास संचालित इस अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर हार-जीत की बाजी लगा रहे आठ लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक स्थान पर एकत्र होकर ताश के पत्तों के जरिए बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया।
Also Read: UP: बलिया में दो जगह छापेमारी से मचा हड़कंप, 15 कथित गौ-तस्कर गिरफ्तार, 14 वाहन जब्त
नकदी, वाहन और मोबाइल समेत भारी सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल की जा रही 2,06,610 की नकदी, 52 ताश के पत्ते, 9 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और तीन चारपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस ने बरामद नकदी और सभी वाहनों को जब्त कर कब्जे में ले लिया है। बरामद सामान को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
एसपी के निर्देशन में चली कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान का हिस्सा थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध जुआ और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
Also Read: बांदा की बंद कताई मिल पर फिर जगी उम्मीद, रोजगार की मांग लेकर सीएम तक पहुंची आवाज
आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कोतवाली देहात थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह भी पता लगा रही है कि इस जुए के अड्डे का संचालन कब से किया जा रहा था और इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता तो नहीं है।



