UP: चितईपुर मार्ग की बदहाली पर भड़के महापौर, PWD अधिकारियों को लगाई फटकार; तत्काल मरम्मत के आदेश

वाराणसी: चितईपुर मार्ग पर गड्ढों, जलभराव और बदहाल सड़क को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और अधिकारियों के साथ मौके का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन होने के बावजूद उसकी बदहाली का खामियाजा आम जनता और नगर निगम दोनों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मरम्मत के नाम पर जगह-जगह खोदे गए गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

Also Read: UP: 43 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, रुपये मांगने पर दी थी जान से मारने की धमकी

महापौर ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं से नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क के सभी गड्ढों को तत्काल भरकर आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत शासन स्तर पर भेजी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव और टूटी सड़कों से नागरिकों को होने वाली असुविधा को गंभीरता से लिया जा रहा है।

Also Read: UP: पति पर तेजाब फेंक अपहरण करने वाली पत्नी को 7 साल की सजा, साथी भी दोषी करार

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह और अजय बिंद भी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आशुतोष सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)