मथुरा: नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर मुख्यालय स्थित रिकॉर्ड विभाग स्टोर में अभिलेखों के सुरक्षित एवं आधुनिक प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम का शुभारंभ किया गया. नगर आयुक्त महोदय श्री ओजस्वी राज ने फीता काटकर इस आधुनिक प्रणाली का उद्घाटन किया.
नगर निगम में स्थापित इस अत्याधुनिक फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम की क्षमता 6,600 फाइलों के सुरक्षित भंडारण की है. इस प्रणाली के माध्यम से विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित होगा. इससे फाइलों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर उन्हें शीघ्रता से उपलब्ध कराना भी आसान होगा.
नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह व्यवस्था कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाएगी. कंपैक्टर सिस्टम के माध्यम से महत्वपूर्ण अभिलेखों को धूल, नमी, गंदगी एवं अन्य बाहरी क्षति से सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे उनका दीर्घकालीन संरक्षण सुनिश्चित होगा. साथ ही कार्यालय में उपलब्ध स्थान का बेहतर एवं अधिकतम उपयोग भी संभव होगा.
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन अभिलेख प्रबंधन को आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है. यह नई व्यवस्था न केवल रिकॉर्ड के संरक्षण को मजबूत करेगी, बल्कि कार्यालयीन कार्यों की गति एवं दक्षता में भी वृद्धि करेगी.
UP: जौनपुर में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड बरामद
आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के सहयोग से स्थापित यह आधुनिक फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम नगर निगम के रिकॉर्ड प्रबंधन को नई दिशा प्रदान करेगा. उद्घाटन अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री अनिल कुमार, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































