UP: अमेठी के कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसकी बेटी 1 जून की सुबह अचानक घर से गायब हो गई, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
युवक पर भगाने और सहयोगियों पर मदद का आरोप
पीड़िता की मां के अनुसार, एक युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। महिला ने आरोप लगाया कि इस घटना में युवक के पिता और एक अन्य व्यक्ति ने भी उसकी मदद की। शिकायत में कहा गया है कि तीनों आरोपी किशोरी को पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन से राज्य के बाहर ले गए हैं।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नकदी और जेवरात भी साथ ले जाने का दावा
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी घर से करीब 50 हजार रुपये नकद और कई कीमती आभूषण भी अपने साथ ले गई है। इनमें सोने की अंगूठी, चेन, झुमकी, मंगलसूत्र और पायजेब समेत अन्य जेवर शामिल हैं। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
परिवार से परिचित था आरोपी युवक
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी युवक परिवार का परिचित था और उसका घर के आसपास अक्सर आना-जाना रहता था। महिला का आरोप है कि इसी नजदीकी का फायदा उठाकर उसने किशोरी को अपने प्रभाव में लिया और उसे अपने साथ ले जाने में सफल रहा। वहीं, लड़की के पिता रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी
कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आनंद, फूलचन्द्र चौहान और सोनू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 87 और 137(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















































