UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश

UP: सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए और उन्होंने छात्रों को कविता पढ़ाते हुए उनसे संवाद किया।

DM ने स्कूलों का किया निरक्षण

जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कन्या जूनियर हाई स्कूल और प्राथमिक विद्यालय लांकड़ी बालान का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों और शिक्षकों को आवागमन में परेशानी न हो।

ALSO READ: UP: 2031 महायोजना से बदलेगी रायबरेली शहर की सूरत, डलमऊ रोड और मुंशीगंज की चमकेगी किस्मत

इसके अलावा स्कूल की छत की बाउंड्री को तीन फीट ऊंचा कराने तथा विद्यालय में बंद पड़े सोलर पैनल और सीसीटीवी कैमरों को जल्द चालू कराने के भी निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली जोशी भी ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पहुंचकर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों के निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और छात्रों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी के बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे सीधे संवाद करने और उनकी समस्याएं सुनने की तस्वीरें भी चर्चा में रहीं। प्रशासन की ओर से विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)