UP: मथुरा नगर आयुक्त ओजस्वी राज द्वारा आज नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, मथुरा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापारियों एवं नगर की विभिन्न समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रतिनिधिमंडल द्वारा लंबे समय से लंबित निर्माण कार्य, सड़क, फुटपाथ एवं नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय, पार्क निर्माण, नामांतरण संबंधी प्रकरणों सहित अन्य समस्याओं को नगर आयुक्त के समक्ष रखा गया। साथ ही आवारा कुत्तों के खिलाफ सघन अभियान चलाए जाने की मांग भी रखी गई।
नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक बिंदु पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने लंबित निर्माण कार्यों को गति देने, स्ट्रीट लाइट एवं सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर करने तथा नगर की स्वच्छता एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
Also Read: Chandauli: मुगलसराय सब्जी मंडी में व्यापारियों का धरना चौथे दिन भी जारी
बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, संरक्षक रविकान्त गर्ग एवं रमेश चतुर्वेदी, महामंत्री शशिभानु गर्ग एवं सुनील साहनी तथा कोषाध्यक्ष मीनालाल अग्रवाल सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















































