Hathras: UGC के विरोध में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने रोका काफिला तो सड़क पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी

Hathras: UGC के नए नियमों को लेकर विरोध और रोलबैक की मांग के बीच शुक्रवार को हाथरस में सवर्ण समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हसायन क्षेत्र से हजारों की संख्या में सवर्ण समाज के लोग ट्रैक्टर, कार और सैकड़ों अन्य वाहनों के काफिले के साथ जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखना था।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस प्रशासन को इस रैली की जानकारी मिली, कई थानों की पुलिस फोर्स को रास्ते में तैनात कर दिया गया। पुलिस ने जेसीबी मशीनों और अन्य अवरोधों की मदद से रास्ते में बैरिकेडिंग कर काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया। अचानक रास्ता रोके जाने से प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए। इस दौरान पुलिस और सवर्ण समाज के लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा काफिले को आगे नहीं बढ़ने देने से नाराज सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होने लगा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

ALSO READ: Banda: लंबित मांगों को लेकर बांदा में लेखपालों का आंदोलन, 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार

अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद सवर्ण समाज के लोगों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर यूजीसी के नियमों को वापस लेने की मांग उठाई। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन और मांगें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात अधिकारियों के सामने रखी और आगे की कार्रवाई का इंतजार करने की बात कही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)