बलिया : पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभाषपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और बसपा के पूर्व नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को लेकर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सपा के PDA फार्मूले की नई परिभाषा गढ़ते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी की हार तय है।
अखिलेश यादव के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तंज कसते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा, ”पीडीए का फॉर्मूला अब बदल चुका है। ‘P’ से पहली बार 2017 में हारे, ‘D’ से दूसरी बार 2022 में हारे और ‘A’ से अबकी बार 2027 में हारेंगे।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा यूसीसी (UCC) और वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम के खिलाफ 17 अक्टूबर से शुरू होने वाले ‘भारत बचाओ, शरिया बचाओ’ अभियान पर राजभर ने कहा, देश कानून और संविधान से चल रहा है। किसी के लिए कोई अलग से कानून नहीं आएगा। जब अस्पताल में इलाज के लिए, ट्रेन और हवाई जहाज के सफर में सब एक साथ जा सकते हैं, तो कानून सबके लिए अलग क्यों होना चाहिए? लोकतंत्र है, सब स्वतंत्र हैं, कोई भी आंदोलन कर सकता है।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा आकाश आनंद को पदों से हटाए जाने और अन्य दलों से मिल रहे प्रस्तावों पर राजभर ने दो टूक कहा कि आकाश आनंद अभी भी बसपा में ही हैं। उन्होंने कहा, “वह बसपा की बदौलत नेता बने हैं, उनके बदौलत बसपा नहीं है। अकेले जाकर वह क्या करेंगे और कितने वोट अपने साथ ले जाएँगे?”
सपा अध्यक्ष द्वारा सत्ता में आने पर ब्रज क्षेत्र के विकास के वादे पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जन्माष्टमी पर दर्शन करने तक नहीं गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे भगवान कृष्ण को मानते हैं, तो वे गोलमोल जवाब देने लगे और ‘जय समाजवाद’ व ‘जय भीम’ का नारा लगाकर निकल गए। वह यह भी नहीं बता सके कि वे कृष्ण के वंशज हैं या उन्हें मानते हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































