UP: बहराइच में जारी ऑपरेशन लंगड़ा, चोरी की बाइक नेपाल ले जा रहे 3 बदमाशों से मुठभेड़, एक घायल

UP: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के ऑपरेशन लंगड़ा के तहत रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस और वाहन चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रंजीतबोझा जंगल के पास चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक लेकर नेपाल जाने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में लगी गोली

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की फायरिंग के बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे मौके से पकड़ लिया गया। घायल आरोपी की पहचान अब्दुल सलाम के रूप में हुई है। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

Also Read: UP Police के ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ से टूटी अपराधियों की कमर, 8472 मुठभेड़ों में 3302 बदमाशों को लगी गोली, 146 मरे

पिस्टल और चोरी की पल्सर बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और चोरी की पल्सर बाइक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक को नेपाल ले जाने की कोशिश में था। टीम अब अब्दुल सलाम से पूछताछ कर उसके फरार साथियों और वाहन चोरी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एसपी और एएसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

Also Read: UP: नाम और ठिकाना बदलकर 17 साल से फरार था आरोपी, आजमगढ़ में 25 हजार का इनामी तमंचे के साथ गिरफ्तार

फरार आरोपियों की तलाश में जंगल में सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद पुलिस ने रंजीतबोझा जंगल और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस वाहन चोरी के नेटवर्क और बाइक को नेपाल पहुंचाने वाले गिरोह से जुड़े कनेक्शन की भी जांच कर रही है। सीमा क्षेत्र में चेकिंग और निगरानी बढ़ाए जाने से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)