रायबरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी और उसके प्रदेश अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के हालिया आचरण पर सवाल उठाते हुए उनके ढोंग और दोहरे रवैये को जनता के सामने उजागर किया।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कृत्यों का जिक्र करते हुए कहा कि आपने कल ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण देखा होगा। वे अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन करने जाते हैं, वहां बजरंग बली के सामने दंडवत होने का ढोंग करते हैं और राम-राम का जाप करते हैं। लेकिन मंदिर के बाहर निकलते ही वे मछली की दावत उड़ाते हैं।
ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी
सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि इनके इस दोहरे व्यवहार के आगे तो गिरगिट भी शर्मा जाएगा कि इंसान के रूप में यह कौन सी नई प्रजाति आ गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को खान-पान की ऐसी ही लालसा थी, तो वह अयोध्या के बाहर जाकर खा सकता था, लेकिन पवित्र धाम के परिसर और अपने कार्यालय में ऐसा कृत्य करना उनकी मानसिकता और ढोंग को दर्शाता है।
कांग्रेस अध्यक्ष के पुराने इतिहास की याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने एक गंभीर आरोप भी लगाया। सीएम योगी ने कहा कि इनके भाई की हत्या एक दुर्दांत माफिया ने की थी। अपने भाई का हत्यारा सामने होने के बावजूद यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने की हिम्मत नहीं जुटा सका, बल्कि उसके सामने घुटने टेककर नतमस्तक हो गया। सीएम योगी ने कहा कि जब हमारी सरकार सत्ता में आई, तब हमने उस माफिया को कानून के दायरे में लाकर उसकी ‘भूसी’ निकाली, अन्यथा कांग्रेस और उसके नेताओं ने प्रदेश को माफियाओं के हवाले कर रखा था।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































