UP: गोंडा जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को पशुपालन विभाग की ओर से मंडल स्तरीय एक दिवसीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव एवं कुक्कुट निवेश मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में देवीपाटन मंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान, उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
कुक्कुट पालन को रोजगार और व्यवसाय का मजबूत माध्यम बनाने पर जोर
मंडलायुक्त ने कहा कि कुक्कुट पालन अब केवल पशुपालन से जुड़ी गतिविधि नहीं रह गया है, बल्कि यह किसानों और युवाओं के लिए आय बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार का प्रभावी जरिया बन सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की कुक्कुट पालन विकास नीति के अंतर्गत करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने और लगभग 1.25 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उद्यमियों को मिल रहीं कई वित्तीय सुविधाएं
उन्होंने कहा कि पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से कई तरह की रियायतें और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें ब्याज अनुदान, बैंक ऋण की सुविधा, स्टांप शुल्क और विद्युत शुल्क में छूट के साथ पूंजीगत अनुदान भी शामिल है। निवेशकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन कुक्कुट निवेश पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
देवीपाटन मंडल में पोल्ट्री उद्योग का पूरा नेटवर्क विकसित करने की तैयारी
मंडलायुक्त ने गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में कुक्कुट उद्योग के विस्तार की व्यापक संभावनाएं बताते हुए स्थानीय स्तर पर पूरा इकोसिस्टम तैयार करने की जरूरत बताई। उन्होंने चारा मिल, हैचरी, पोल्ट्री फार्म, प्रसंस्करण इकाइयों, पैकेजिंग, कोल्ड चेन और मार्केटिंग सुविधाओं को आपस में जोड़कर उद्योग को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
जैव-सुरक्षा और बेहतर मार्केटिंग को बताया अहम
दुर्गा शक्ति नागपाल ने पोल्ट्री व्यवसाय में जैव-सुरक्षा मानकों के पालन, स्थानीय स्तर पर चारा उत्पादन तथा उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने किसानों और उद्यमियों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर कुक्कुट क्षेत्र में निवेश करने की अपील की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी समेत मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारी, किसान और उद्यमी मौजूद रहे।



















































