इटावा: जसवंतनगर क्षेत्र में एक युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मोहन की मढ़ैया निवासी अर्जुन पुत्र धर्मेन्द्र ने जसवंतनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि “arjun_etawah_up_75_” नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई गई है।
आरोप है कि इस आईडी के जरिए लड़कियों को फॉलो रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और अभद्र व अश्लील संदेश किए जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि फर्जी अकाउंट संचालित करने वाला व्यक्ति जानबूझकर उसकी सामाजिक छवि और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इस घटना से वह और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं।
अर्जुन ने पुलिस से मांग की है कि फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उक्त फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को तत्काल बंद कराने की भी मांग की है।
जसवंतनगर पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर किसी की पहचान का दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है, ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































