UP: आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को गोकशी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस की गोली से आरोपी विशाल यादव घायल
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की फायरिंग में किशनपुर काशीनाथ निवासी विशाल यादव (25) के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, विशाल यादव के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
तमंचा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा उसके पास से चाकू, चापड़ और एक बछड़ा भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान और घटनास्थल की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
करीब 12 मुकदमों में आरोपी है विशाल
पुलिस के अनुसार, विशाल यादव के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार
मुठभेड़ के दौरान विशाल यादव का एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।



















































