यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का आगाज : पहले ही दिन 13 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का जमावड़ा, बस अड्डों और स्टेशन पर गुजरी रात

फर्रुखाबाद : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 का सोमवार से जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुभारंभ हो गया। भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन जनपद में विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार पहले दिन कुल 13,440 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले में दस्तक दी। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा की पहली पाली में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रविवार देर रात ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे। दूर-दराज के जनपदों से आने वाले युवाओं को रात्रि विश्राम के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में ठहरने की समुचित व्यवस्था और उपलब्ध स्थानों की जानकारी न होने के कारण अनेक अभ्यर्थियों को रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन परिसर में ही रात गुजारनी पड़ी।

सोमवार की सुबह परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्रों की जांच तथा सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से तलाशी की प्रक्रिया अपनाई गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Also Read – पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा : परीक्षा छूटने का था डर…, यूपी-112 की तत्परता से केंद्र पहुंची अभ्यर्थी

रविवार रात बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन का दृश्य किसी अस्थायी छात्रावास से कम नहीं था। कहीं अभ्यर्थी मोबाइल फोन और टॉर्च की रोशनी में अंतिम समय तक पढ़ाई करते नजर आए, तो कहीं थकान से चूर युवा फर्श पर चादर बिछाकर सोते दिखाई दिए। कई अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे थे, जिन्हें भी रात सार्वजनिक स्थलों पर बितानी पड़ी।

ललितपुर से अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने आए अभिभावक राकेश ने बताया कि उन्हें शहर में उपलब्ध धर्मशालाओं और अन्य ठहरने के स्थानों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अनजान शहर में रात के समय भटकने से बेहतर उन्होंने बस अड्डे पर ही रुकना उचित समझा। उनके अनुसार यदि पहले से पर्याप्त जानकारी मिल जाती तो काफी सुविधा हो सकती थी।

इस बीच स्थानीय सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों ने अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की। शहर की विभिन्न धर्मशालाओं, मंदिर परिसरों और सामुदायिक भवनों में निशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई थी। वहां गद्दे, पीने के ठंडे पानी, पंखों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध भी किया गया था। हालांकि इन व्यवस्थाओं का पर्याप्त प्रचार-प्रसार न होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा सके।

Also Read – पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए देवदूत बना फर्रुखाबाद विकास मंच, सैकड़ों छात्रों को मिला मुफ्त भोजन और आश्रय

पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

भर्ती परीक्षा के पहले दिन उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश के युवाओं में पुलिस सेवा को लेकर उत्साह और आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। अब आगामी पालियों की परीक्षाओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)