पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए देवदूत बना फर्रुखाबाद विकास मंच, सैकड़ों छात्रों को मिला मुफ्त भोजन और आश्रय

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी फर्रुखाबाद पहुंच रहे हैं। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों की समस्याओं को समझते हुए फर्रुखाबाद विकास मंच ने सेवा और सहयोग की एक मिसाल पेश की है। मंच द्वारा अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क ठहरने, भोजन, चाय-नाश्ता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, जिससे सैकड़ों छात्रों को बड़ी राहत मिली है।

फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर जिले में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए दिसंबर दयाल धर्मशाला, हिंदी भवन, दुर्गा मंदिर, सिंधी धर्मशाला सहित विभिन्न स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। अब तक करीब 500 से अधिक अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके साथ ही उनके भोजन, चाय-नाश्ते और स्वच्छ पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य केवल परीक्षा देने आए छात्रों को सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें घर जैसा वातावरण प्रदान करना भी है, ताकि वे किसी चिंता के बिना परीक्षा पर ध्यान केंद्रित कर सकें। सबसे अधिक अभ्यर्थी झांसी और ललितपुर जनपदों से पहुंचे हैं। इन छात्रों ने फर्रुखाबाद विकास मंच की व्यवस्था की खुलकर सराहना की।

Also Read – पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा : परीक्षा छूटने का था डर…, यूपी-112 की तत्परता से केंद्र पहुंची अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें यहां जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ ठहराया गया है, वह किसी पारिवारिक माहौल से कम नहीं है। कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी किसी परीक्षा केंद्र पर इस प्रकार की निःस्वार्थ सेवा और व्यवस्थित प्रबंधन नहीं देखा। उन्होंने मंच के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनकी यात्रा और परीक्षा दोनों आसान हो गई हैं।

भईयन मिश्रा ने बताया कि 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए भी सभी व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। मंच यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी अभ्यर्थी को आवास, भोजन या अन्य सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस सेवा अभियान में परमार्थ संस्थान के केशव भान साध, निशित दुबे ‘नीशू’ (पूर्व सभासद), महेश अग्निहोत्री बाबू (सभासद), राजीव पाल, शिवांग बाजपेई, रामजी मिश्रा, सनी बाथम, आलोक दुबे भरे, श्यामेंद्र दुबे, नीरज, दिव्यांशु तिवारी, दिलीप भारद्वाज, आयुष सक्सेना, ओम निवास पाठक, आशू मिश्रा, आशुतोष त्रिपाठी, प्रिंस शुक्ला, नितिन यादव, राजीव वर्मा, शाहिद सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दिन-रात जुटे हुए हैं।

Also Read: सास पर फिदा हुआ दामाद! कोर्ट मैरिज का वीडियो वायरल

पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान फर्रुखाबाद विकास मंच की यह पहल न केवल सैकड़ों अभ्यर्थियों के लिए सहारा बनी है, बल्कि जनपद की अतिथि सत्कार, सेवा और सामाजिक सरोकारों की परंपरा को भी नई पहचान दे रही है। ऐसे समय में जब प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आने वाले छात्रों को अक्सर आवास और भोजन की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, फर्रुखाबाद विकास मंच का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)