यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने उत्तर प्रदेश शासन को जापान सिटी (Japan City) और सिंगापुर सिटी (Singapore City) के विकास के लिए औपचारिक प्रस्ताव भेजा है। 18 फरवरी 2026 को जारी पत्र में प्राधिकरण ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त को सूचित किया कि इन दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि पहले ही चिन्हित कर ली गई है। प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी योजना तैयार कर ली गई है और इसे जल्द ही लागू किया जाएगा।
सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 को किया चयनित
पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के संदर्भ में प्राधिकरण ने सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 को जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के लिए चुना है। ये दोनों क्षेत्र ग्रेटर नोएडा में स्थित हैं और प्राधिकरण की महायोजना के तहत मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किए जा रहे हैं।
भूमि उपयोग की रूपरेखा
इन प्रस्तावित सिटीज में औद्योगिक गतिविधियों का न्यूनतम 70 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आवासीय उपयोग अधिकतम 12 प्रतिशत, वाणिज्यिक उपयोग अधिकतम 13 प्रतिशत और संस्थागत सुविधाएं कम से कम 5 प्रतिशत निर्धारित की गई हैं। इस तरह दोनों सेक्टरों को एक इंटीग्रेटेड औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
परियोजना का कार्यान्वयन
जापानी सिटी के लिए सेक्टर-5ए में 500 एकड़ और सिंगापुर सिटी के लिए सेक्टर-7 में 500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विकास कार्यों को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर पूरा करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे ये दोनों शहर औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों के केंद्र बन सकें।










































