रायबरेली: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर तीन बाइकों की भीषण टक्कर, युवक की मौत,चार की हालत गंभीर

रायबरेली: लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में अलग-अलग बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया. वहीं, अन्य चार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अनियंत्रित होकर आपस में टकराईं बाइकें

हादसा बुधवार दोपहर हरचंदपुर थाना क्षेत्र में केटीएल के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक के बाद एक तीन बाइकें आपस में टकरा गईं. बताया जा रहा है कि अंगुरी निवासी सुरेश पुत्र शत्रुघ्न की बाइक अनियंत्रित हो गई और उसने सामने से आ रही सरफराज की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरफराज के ठीक पीछे चल रहे मोहम्मद मिराज पुत्र गुलाम हुसैन की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकरा गई. इस तिहरे हादसे में तीनों बाइकों पर सवार पांचों लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और चीख-पुकार मच गई.

Also Read: UP: पति पर दूसरी शादी का शक, मां ने तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी खाया जहर, दो की मौत

अस्पताल में एक ने तोड़ा दम, परिवार में कोहराम

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह और गुल्लूपुर चौकी इंचार्ज जीत बहादुर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया.हादसे में गंभीर रूप से घायल बछरावां थाना क्षेत्र के कुंदनगंज कस्बा निवासी सरफराज (24) पुत्र मो. सिराज की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.

 मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम

हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तीन बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है और चार लोग घायल हैं. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )