UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शनिवार को अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं को ₹148 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा (लाइव) प्रसारण सिद्धार्थनगर के राजकीय कन्या इण्टर कालेज, तेतरी बाजार में देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह ने मुख्य अतिथि कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही और डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि डीबीटी के माध्यम से मिली इस धनराशि का उपयोग अपनी पढ़ाई, पाठ्य-पुस्तकों की खरीद और ज्ञानवर्धन के लिए करें। विधायक ने विद्यालय की स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि जर्जर हो चुके इस विद्यालय भवन का पुनर्निर्माण मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही संभव हो पाया है। उन्होंने छात्राओं को नियमित स्कूल आने, निष्ठा से पढ़ाई करने और अपने शिक्षकों का सम्मान करने की सीख दी।
Also Read: अमेठी में 60 हजार छात्रों की छात्रवृत्ति अटकी, पोर्टल पर नहीं दिख रही बैंक डिटेल
वहीं, सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए पूरी लगन और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और अधिकारियों द्वारा छात्राओं को सांकेतिक रूप से छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन सहित शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।














