UP: अमेठी के कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो दर्जन से अधिक लोग कई वाहनों से सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर पहुंच गए। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस लोगों ने घर के बाहर मौजूद लोगों के साथ गालीगलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है।
परिवार और करीबी लोगों से मारपीट का आरोप
परिजनों के मुताबिक हमलावरों ने विधायक के भतीजे और घर में काम करने वाले लोगों को निशाना बनाया। आरोप है कि पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। शुरुआती जांच में विवाद की वजह कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को माना जा रहा है।
Also Read: ‘यूपी सरकार जाति-धर्म देखकर एनकाउंटर कराती है…’, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला
बेटे ने दर्ज कराई शिकायत, नौ लोग नामजद
घटना की सूचना मिलने पर विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और अमेठी कोतवाली में तहरीर दी। शिकायत में शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस जांच तेज, समर्थकों में नाराजगी
घटना के बाद विधायक समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। देर रात तक विधायक आवास पर समर्थकों की भीड़ लगी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। वहीं जिले में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। चर्चा है कि समर्थक जल्द ही विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
लखनऊ में हैं विधायक
परिवार की ओर से बताया गया कि घटना के समय विधायक महाराजी प्रजापति लखनऊ में मौजूद थीं। विधायक पुत्र अनुराग प्रजापति ने कहा कि वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देंगी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है।














































