UP: यूपी में तेज रफ्तार बोलेरो ने 8 साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत

श्रावस्ती: सड़क किनारे खड़े बालक को जोरदार टक्कर मारकर कुछ दूर तक घसीटता ले गया वाहन, चालक गाड़ी समेत फरार श्रावस्ती में हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बंजारन पुरवा गांव के पास सड़क किनारे खड़े बालक को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक यासीन मोहम्मद पुत्र साबिर सड़क किनारे मौजूद था। इसी दौरान बदला चौराहा से बहराइच की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक कुछ दूर तक वाहन के साथ घिसटता चला गया। उसके शरीर पर सड़क से रगड़ के कई निशान मिले। गंभीर रूप से घायल यासीन की मौके पर ही मौत हो गई।

ALSO READ: Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

भीड़ का फायदा उठाकर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी का फायदा उठाकर बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर बदला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बोलेरो और उसके चालक की पहचान की जा सके।

ALSO READ: बाराबंकी में जलस्तर फिर बढ़ा, लाल निशान से 13 सेमी ऊपर तराई गांवों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था यासीन

मासूम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक यासीन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और कक्षा पांच में पढ़ता था। उसके पिता साबिर मुंबई में मजदूरी करते हैं, जबकि दो बड़े भाई भी मुंबई में मेहनत-मजदूरी करते हैं। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हरदत्त नगर गिरंट थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)