UP: छात्र की पिटाई के बाद अपहरण, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अमेठी: रामगंज थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे 16 वर्षीय छात्र की कथित रूप से बीच बाजार पिटाई करने के बाद अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के करीब 24 घंटे बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्र की सकुशल बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया है।

मामला रामगंज कस्बे का है। मोहनपुर गांव निवासी चंद्रभान दुबे का 16 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु मंगलवार सुबह स्कूल गया था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद शाम करीब चार बजे वह घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रामगंज कस्बे के रहने वाले दो सगे भाइयों रवि और शनि गुप्ता ने उसे बीच बाजार रोककर मारपीट की और उसके बाद उसका अपहरण कर लिया।

Also Read: कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार

दिव्यांशु के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बाद भी छात्र का कोई पता नहीं चला। बाजार में पूछताछ के दौरान परिजनों को कथित घटना की जानकारी हुई। बुधवार को परिजन रामगंज चौकी पहुंचे और शिकायत की, इसके बाद थाने में तहरीर दी गई।

Also Read: रायबरेली: AIIMS में मरीज की मौत पर भारी हंगामा, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

अमेठी के सीओ मनोज मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके 16 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु के साथ रामगंज कस्बे के रहने वाले शनि और रवि ने मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया। मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के निर्देश पर पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.