UP: मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी और रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर वन विभाग संवेदनशील गांवों में लगातार गश्त कर रहा है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार ग्राम बलिया में एक ग्रामीण परिवार के तीन सदस्य खेत में चारा काट रहे थे, तभी उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
Also Read: मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक! घर के बाहर सो रहे किसान को उठाकर ले गया तेंदुआ
तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बलिया गांव में थर्मल ड्रोन से क्षेत्र की स्कैनिंग की जा रही है। वहीं ट्रैप कैमरों की संख्या बढ़ाकर 6 कर दी गई है और ANIDER उपकरणों की संख्या 2 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है, ताकि तेंदुए की लोकेशन और मूवमेंट की सटीक जानकारी मिल सके।
रेस्क्यू अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मेरठ वन प्रभाग से 20 अतिरिक्त वन रक्षकों की ठाकुरद्वारा रेंज में तैनाती की गई है। ये वन रक्षक संवेदनशील गांवों में गश्त और निगरानी में वन विभाग की टीमों का सहयोग करेंगे।
Also Read: UP: मुरादाबाद में 9 तेंदुआ का सफल रेस्क्यू, ट्रैप केज के जरिए वन विभाग की बड़ी कामयाबी
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों में तकनीकी निगरानी, सघन गश्त और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































