UP: अमेठी। चितई पूरे दीवान गांव में गुरुवार को 26 वर्षीय विवाहिता पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। उसका शव घर के अंदर लहूलुहान हालत में मिला। गले और चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुरालीजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
बताया गया कि गुरुवार को पूनम अपनी बेटी के साथ घर पर थी। उसका देवर देव बाजार गया था, जबकि ससुर पारसनाथ खेत में काम करने गए थे। देव दवा लेकर घर लौटा तो पूनम लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। उसके गले और चेहरे पर चाकू से चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई।
ALSO READ: UP: मुगलसराय पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 10 लोगों पर कार्रवाई
जामों थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ स्थित भगीरथ का पुरवा निवासी मृतका के पिता झाम सिंह ने ससुरालीजनों पर बेटी को प्रताड़ित करने और चाकू से वार कर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतका की मां सावित्री देवी ने बेटी का मोबाइल और एक पायल गायब होने की बात कही। उनका आरोप है कि घर के पीछे चाकू और गड़ासा भी मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पूनम ने आत्महत्या की तो मोबाइल कहां गया और चाकू व गड़ासा घर के पीछे कैसे पहुंचा। साथ ही घटनास्थल पर खून नहीं मिलने की बात भी कही।
ALSO READ: UP: मुरादाबाद में रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासन सतर्क
वहीं, ससुर पारसनाथ ने बताया कि उनका बड़ा बेटा शिवा शहर में ट्रक चलाता है और करीब तीन महीने से घर नहीं आया है। पूनम भी तीन दिन पहले मायके से ससुराल लौटी थी। उनके मुताबिक घर में किसी के नहीं होने के दौरान यह घटना हुई।
इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में चाकू से स्वयं वार कर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



