बांदा: जिस खिलौने से कुछ देर पहले तक 11 साल का आशीष खेल रहा था, वही खिलौना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। तालाब में गिरा ट्रैक्टरनुमा खिलौना निकालने के लिए पानी में उतरा मासूम गहरे पानी में समा गया। दोस्त ने जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगाई, लेकिन वह भी डूबने लगा। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को बाहर निकाला, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां की दुनिया उजड़ गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
थानाक्षेत्र के ग्राम बल्लान के अंश माड़ी पुरवा निवासी देवीचरण का 11 वर्षीय पुत्र आशीष शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घर से शौचक्रिया की बात कहकर निकला था। घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के पास वह हमउम्र दोस्तों के साथ खेलने लगा। किसी को क्या पता था कि कुछ ही देर बाद वहां खुशियों की जगह मातम पसर जाएगा।
Also Read: UP: देवर ने ही की भाभी की हत्या, मासूम बेटी ने खोला खौफनाक राज
खेलते समय अचानक आशीष के हाथ से ट्रैक्टरनुमा खिलौना तालाब में गिर गया। मासूम खिलौना निकालने के लिए तालाब में उतर गया। शुरुआत में पानी कम था, लेकिन आगे बढ़ते-बढ़ते वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। आशीष को पानी में डूबता देखकर 13 वर्षीय चुन्नू से रहा नहीं गया। दोस्त को बचाने के लिए उसने भी तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन गहरे पानी में पहुंचने के बाद चुन्नू भी डूबने लगा। दोनों को डूबता देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला। आशीष को अचेत हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ALSO READ: अमेठी में जलभराव प्रभावित गांव का DM-SP ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
इकलौते बेटे की मौत से मां की चीखें सुन दहल उठा गांव
आशीष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। चाचा शिवबदन ने बताया कि उसके पिता देवीचरण बांदा शहर में मजदूरी करने गए थे। घर में मां सुशीला मौजूद थी। दोपहर में आशीष शौचक्रिया की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह फिर लौटकर नहीं आएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































