UP: त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं, शांति कमेटी बैठक में पुलिस ने दी चेतावनी

UP: फतेहपुर के जनपद के थाना जहानाबाद परिसर में रक्षाबंधन और बारावफात के पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। थाना परिसर में शनिवार शाम साढ़े पांच बजे आयोजित शांति कमेटी की बैठक में साफ संदेश दिया गया कि पर्व आस्था और भाईचारे के हैं, इनके नाम पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन ने की। उन्होंने दोनों समुदायों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने कहा कि पुलिस प्रशासन संवेदनशील स्थानों और ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है, जो अफवाह, विवाद या किसी अन्य माध्यम से शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Also Read: UP: सपा में शामिल होते ही शयान मसूद का बड़ा बयान, बोले- BJP को हराने के लिए अखिलेश के अलावा विकल्प नहीं

बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर पर्वों के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों के जरिए माहौल खराब करने वालों को भी चिन्हित किया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि बिना पुष्टि किसी खबर, वीडियो या संदेश को आगे प्रसारित न करें। बैठक में थाना प्रभारी योगेश कुमार, प्रवीण कुमार, नीरज, पीके पाठक, पूर्व चेयरमैन हाफिज अनवारुल हक, पूर्व अध्यक्ष लाल सिंह, डॉ. असलम, विशाल ओमर, आफताब आलम,बाराती, जियाउल हक, सर्वेश सोनकर, आदित्य सिंह सेंगर,कलीम, उजमान, नदीम, सभासद जावेद, बिजली विभाग के जेई इम्तियाज अली, ग्राम प्रधान, व्यापार मंडल सहित दोनों समुदायों के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)