UP: यमुना में नहाने उतरे तीन दोस्तों के साथ हादसा, एक मासूम की मौत, दूसरा लापता

UP: जसवंतनगर बलरई थाना क्षेत्र के खदिया गांव में सोमवार दोपहर यमुना नदी में नहाने के दौरान तीन स्कूली बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नदी में डूबने से 11 वर्षीय मयांश उर्फ मिथुन की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय साथी निखिल अभी तक लापता है। तीसरा बच्चा सूरज किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

स्कूल से लौटने के बाद पहुंचे थे यमुना किनारे

बताया गया कि फकीरे की मढ़ैया निवासी मयांश, निखिल और सूरज स्कूल से घर लौटने के बाद बकरी और भैंस चराने के लिए यमुना किनारे गए थे। तीनों कक्षा चार के छात्र थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। इसी दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए वे नदी में नहाने उतर गए, लेकिन गहरे पानी में पहुंचने के कारण हादसा हो गया।

Also Read: गोदाम में चल रही थी धर्म परिवर्तन की बैठक! मुजफ्फरनगर में कथित धर्म परिवर्तन का खुलासा

ग्रामीणों और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे मयांश का शव नदी से बरामद कर लिया गया। वहीं निखिल की तलाश देर शाम तक लगातार जारी रही।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

मयांश की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया। वह अपने माता-पिता, एक छोटे भाई और चार बहनों को छोड़ गया है। वहीं लापता निखिल के परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उसके पिता ओला चालक हैं और निखिल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा बेटा है। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read: ‘पहले डंडों से पीटा फिर करंट…’, पत्नी ने पति पर किया जानलेवा हमला!

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, इलाके में शोक का माहौल

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और बलरई थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मयांश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं लापता बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)