UP: मथुरा में विकासखंड राया के गांव सुथरिया में उच्च प्राथमिक विद्यालय को अन्य विद्यालय में मर्ज किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने विद्यालय को पुनः संचालित कराने की मांग की। उनका कहना था कि जब गांव में विद्यालय मौजूद है तो बच्चों को चार किलोमीटर दूर दूसरे गांव में पढ़ने के लिए क्यों भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि अपने नौनिहालों को किसी दूसरे के घर भेजने में भी डर लगता है। ऐसे में बेटा-बेटियों को दूसरे गांव पढ़ने के लिए भेजना कैसे संभव होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने के लिए सुविधाजनक वाहन भी उपलब्ध नहीं हैं। बच्चों को खेतों से होकर विद्यालय जाना पड़ेगा। ऐसे में जंगली जानवरों के हमले सहित अन्य घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए सुथरिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय को गांव में ही पुनः संचालित कराया जाए।
इस दौरान ग्राम पंचायत सुथरिया के सोनू चौधरी, भोला राजाराम, रणवीर सिंह प्रधान, प्रवीण, अजीत सिंह, रविंद्र सिंह, पुष्पेंद्र राज, सौरभ, आशीष, धर्मेंद्र सिंह, अमित कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। विद्यालय बंद कर दूसरे गांव मे मर्ज किये जाने के सम्बन्ध में ज़ब खण्ड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार से सम्पर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके ऑफिस पर ताला लगा था फोन से सम्पर्क किया गया तो उनका फोन रिसीव ही नहीं हो सका।



















































