सुल्तानपुर: अखण्डनगर थाना क्षेत्र के लोरपुर गोलीकांड से जुड़े वांछित बदमाश की बुधवार रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से अवैध देशी तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार पांच अक्तूबर को थाना अखण्डनगर में लोरपुर गोलीकांड के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 234/2026 धारा 109, 115(2), 352, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मामले में गोदलपुर, थाना मोतिगरपुर निवासी 24 वर्षीय मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना पुत्र स्वर्गीय शिवमंगल वर्मा वांछित था।
Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
बुधवार रात अखण्डनगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मुकेश वर्मा को मोटरसाइकिल से जाते देखा। पुलिस का दावा है कि आरोपी पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल तेज गति से भगाने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Also Read:‘खुन्नस मिटाने के लिए मस्जिद पर बुलडोज़र चल रहे…’, भड़के AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मुकेश वर्मा के खिलाफ सुल्तानपुर जिले के विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मोतिगरपुर, गोसाईगंज, जयसिंहपुर और अखण्डनगर थाने में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। इनमें बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराएं लगी हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














