चंदौली: चंदासी वार्ड नंबर-12 में दामोदरदह पोखरा के समीप पिछले करीब ढाई महीने से सड़क पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है। इससे परेशान स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार सभासद और नगर पालिका अध्यक्ष से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय निवासी परितोष कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ से दो महीने से सड़क पर पानी जमा है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। जलजमाव और कचरे के कारण सड़क दिखाई नहीं देती, जिससे आए दिन बाइक सवार, पैदल राहगीर और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय पानी में सांप और अन्य जल-जंतु होने से लोगों में भय बना रहता है।
परितोष कुमार ने बताया कि सभासद से शिकायत करने पर बरसात में पानी जमा होने की बात कही गई। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष से शिकायत करने पर मिट्टी डलवाने और भुगतान कराने की बात कही गई थी। उनका दावा है कि उन्होंने पांच ट्रैक्टर मिट्टी भी डलवाई, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।
स्थानीय निवासी संतोष कुमार ने बताया कि जलजमाव की समस्या हर वर्ष होती है। इस बार बारिश के बाद करीब दो से ढाई महीने से सड़क की स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चे और अन्य लोग गुजरते हैं।
कल्लू, परितोष विश्वकर्मा, चिरंजीव लाल, मोनू कुमार, विकास कुमार, गोपाल और संजीव शर्मा समेत लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सड़क से जलजमाव तत्काल हटवाकर स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी न हो।



















































