UP: योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट को रफ्तार, ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ में जल्द शुरू होगी पहली फिल्म ‘मॉम-2’ की शूटिंग

UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की महत्वाकांक्षी योजना इंटरनेशनल फिल्म सिटी अब धरातल पर तेज़ी से आकार लेती दिख रही है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना में पहली बार किसी बड़े फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग होने जा रही है। फिल्म ‘मॉम-2’ (Mom-2) के जरिए इस फिल्म सिटी में कैमरे चलने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिसे परियोजना की औपचारिक शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

पहली शूटिंग की तैयारी, मैपिंग का काम शुरू

फिल्म सिटी परिसर में शूटिंग को लेकर प्रारंभिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। परियोजना का निर्माण कर रहे बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के संयुक्त उपक्रम बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड ने जमीन की मैपिंग का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मैपिंग पूरी होने के बाद लगभग 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा, जिसके बाद फिल्मांकन शुरू होने की संभावना है।

Also Read: UP: कारोबार में डर नहीं, विश्वास का माहौल! स्थिर नीति, सुरक्षित वातावरण और आसान प्रक्रियाएं बनीं यूपी की नई पहचान

पहले चरण की तैयारियां तेज

इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के लिए बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप को संयुक्त रूप से कार्य सौंपा गया है। इस संबंध में कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के साथ एग्रीमेंट साइन किया है। यीडा द्वारा लेआउट प्लान को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के पहले चरण पर काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

निर्माण कार्य और शुभारंभ की रूपरेखा

बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के जीएम राजीव अरोड़ा ने बताया कि शूटिंग की तैयारियों के साथ-साथ फिल्म सिटी के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेट तैयार होते ही फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियां शुरू होंगी और इसके साथ ही पूरे प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य भी गति पकड़ेगा। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

Also Read: UP: अर्थव्यवस्था, निवेश, कानून-व्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर बदली प्रदेश की तस्वीर

यूपी को एंटरटेनमेंट हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में विकसित हो रही यह इंटरनेशनल फिल्म सिटी, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बेहद करीब स्थित है। आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ यह परियोजना उत्तर प्रदेश को फिल्म, ओटीटी और वेब सीरीज़ इंडस्ट्री का नया केंद्र बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मॉम-2’ जैसी फिल्म की शूटिंग से यह साफ संकेत मिलता है कि यूपी की फिल्म पॉलिसी और बुनियादी ढांचे पर फिल्म इंडस्ट्री का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है, और आने वाले समय में यह मुंबई जैसे पारंपरिक फिल्म हब का सशक्त विकल्प बन सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)