UP: पैसों के विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

अमेठी: जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में पारिवारिक पैसों के विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

जानकारी के अनुसार, हसनपुर गांव निवासी रवि गौतम का अपने भाई मनोज के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों पहले साथ में काम करते थे, लेकिन आर्थिक विवाद बढ़ने के बाद रिश्तों में खटास आ गई. इसी तनाव के चलते रवि अचानक गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

टावर पर पहुंचने के बाद युवक ने परिजनों से पैसे की मांग करते हुए नीचे कूदने की धमकी दी. युवक को ऊंचाई पर देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने टावर के नीचे सुरक्षा घेरा बना दिया और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम किए.

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों की मदद से युवक को शांत करने का प्रयास शुरू किया. राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही और लगातार बातचीत के जरिए युवक को सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश करती रही.

जगदीशपुर थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि युवक का अपने भाई से पैसों के विवाद के चलते यह कदम उठाने की जानकारी मिली है. पुलिस की पहली प्राथमिकता युवक की जान बचाना है. उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)