अमेठी: जामो थाना क्षेत्र के मंडका मजरे नौरंगाबाद में रविवार शाम बहन के घर से लौट रहे 18 वर्षीय युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 12 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त छिटककर अलग जा गिरा और बाल-बाल बच गया। रात में अंधेरा होने के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
मृतक की पहचान भीम पुत्र जवाहर लाल निवासी पूरे अजीम, थाना जायस, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भीम रविवार को अपने दोस्त विकास पुत्र रामराज, उम्र 19 वर्ष, के साथ अपनी बहन भारती की ससुराल हिंदू पुरवा, थाना जामो गया था। शाम करीब 6:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में दोनों ने शराब पी ली। इसके बाद भीम बाइक चलाने लगा।
मंडका मजरे नौरंगाबाद के पास एक ब्लाइंड मोड़ पर तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान विकास बाइक से छिटककर अलग जा गिरा, जबकि भीम बाइक के साथ गहरे पानी में डूब गया।
सोमवार सुबह ग्रामीणों को गड्ढे में बाइक का साइड मिरर दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गड्ढे से बाइक और भीम के शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाने के उपनिरीक्षक द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में तेज गति और शराब के नशे में वाहन चलाना हादसे का प्रथम दृष्टया कारण बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































