UP: राष्ट्रगान के कथित अपमान के मामले में कांग्रेस का धरना, निष्पक्ष जांच की मांग

UP: उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल से चले जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क में धरना-प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद बृजेश गुप्ता ने किया।

वायरल वीडियो की जांच की मांग

धरने को संबोधित करते हुए बृजेश गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के मंच से नीचे उतरने का दृश्य दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और गौरव से जुड़ा विषय है, इसलिए वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

Also Read: ‘तुम्हारे तंत्र-मंत्र से मरे मेरे पिता…’, रायबरेली में तांत्रिक शक में बुजुर्ग का कत्ल, कुल्हाड़ी के साथ आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली में सौंपा पत्रक

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पत्रक सौंपा। इसमें वायरल वीडियो के साथ कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर वास्तविक घटनाक्रम स्पष्ट करने की मांग रखी।

दोषी मिलने पर कार्रवाई की मांग

बृजेश गुप्ता ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति द्वारा कानून या निर्धारित नियमों का उल्लंघन किए जाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है।

Also Read: UP: जन्मदिन की खुशियां मनाए 24 घंटे भी नहीं बीते, किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, जानिए क्या थी वजह

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेंगे। धरना-प्रदर्शन में दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, राकेश सिंह, संगीता सिंह, ऊषा यादव, दिलीप पाल, मृत्युंजय शर्मा, तारिक अब्बास, अनवर सादात, प्रमोद मौर्या, रमेश पांडे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)