UP: बहराइच में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के रानियापुर स्थित कहारनपुरवा के पास माइनर किनारे की है, जहां एक पेड़ से युवक का शव लटकता मिला। जिसके बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।

मृतक की पहचान सुरेश यादव (31 वर्ष) पुत्र सिद्धनाथ, निवासी मथुरापुरवा, दा. नेवलापुर के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)