UP: सहारनपुर में चला ‘पॉलीथिन हंट’, कोर्ट रोड पर अचानक पहुंची नगर निगम की टीम, 10 दुकानदारों की खुल गई पोल!

सहारनपुर: प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को कोर्ट रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान करीब दो दर्जन दुकानों की जांच की गई, जिसमें 10 दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते मिले. नगर निगम ने उनके कब्जे से पॉलीथिन जब्त करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला.

नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने किया. जांच शुरू होते ही क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है. उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में पॉलीथिन का उपयोग या बिक्री करते पाए जाने पर जुर्माने के साथ दुकान सील करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी.

प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने व्यापारियों से कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील करते हुए नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया. अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, आशीष धौलाखंडी, नीरज कर्णवाल सहित प्रवर्तन दल के कर्मचारी मौजूद रहे.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)