बाराबंकी: साधन सहकारी समिति बिछलखा में कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदा) पद पर नियुक्ति को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य राम शंकर लोधी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंचे और तहसीलदार विपुल सिंह को ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने समिति से जुड़े पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदीप कुमार पुत्र सहज राम निवासी ग्राम बिछलखा ने बताया कि उनका चयन समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदा) पद के लिए हुआ था। उन्होंने विकास भवन बाराबंकी में सहकारिता विभाग द्वारा कराई गई करीब दो माह की ई-पैक्स ईआरपी ट्रेनिंग भी पूरी की। उनका आरोप है कि प्रशिक्षण के बाद समिति स्तर पर नियुक्ति रजिस्टर में उनका प्रस्ताव दर्ज किया गया, लेकिन उसे विभाग को भेजने के बजाय मामले को लंबित रखा गया।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
प्रदीप कुमार के मुताबिक समिति के सचिव ललित और अध्यक्ष सावित्री देवी पत्नी राकेश कुमार निवासी कांपफतेहउल्लापुर, पोस्ट भैंसुरिया से नियुक्ति के संबंध में कई बार जानकारी मांगी गई, लेकिन उन्हें प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में आरोप है कि समिति अध्यक्ष की ओर से अपने स्वजन को नियुक्त करने का प्रस्ताव विभाग को भेज दिया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच कर नियुक्ति प्रक्रिया में नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रदीप कुमार की योग्यता एवं प्रशिक्षण को देखते हुए उनके दावे पर नियमानुसार निर्णय किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन व प्रदर्शन में जग प्रसाद राजपूत, सर्वेश दीक्षित, अजय कुमार, अनिल लोधी, प्रदीप कुमार, सर्वेश, राजेश लोधी, गौरी लोधी, अजय द्विवेदी, अनमोल रावत, केशव राम, विजय मौर्य, शिवप्रसाद, शुभम सिंह, रामू लोधी, सज्जन लोधी, विनोद मौर्य, नीरज कुमार, मंगल कुमार, अतुल राजपूत, मोहनलाल लोधी, रामसँवारे लोधी, रमेश कुमार लोधी, मस्तराम लोधी, अलगू लोधी, हरिप्रसाद, अर्जुन मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































