गोंडा : नकही डीह क्षेत्र के नकही डीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात चोरों ने दरवाजे का कुंडा काटकर मध्याह्न भोजन का राशन और बर्तन चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक व अन्य कर्मचारी स्कूल पहुंचे।
प्रधानाध्यापक मोना ने बताया कि सुबह विद्यालय पहुंचने पर दरवाजे का कुंडा कटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो मध्याह्न भोजन के लिए रखा राशन और भगोना गायब था। आशंका है कि चोर रात के अंधेरे में कुंडा काटकर विद्यालय में घुसे और सामान लेकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में इससे पहले जुलाई माह में भी चोरी की घटना हो चुकी है। उस दौरान चोर विद्यालय से दो एलपीजी सिलेंडर उठा ले गए थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानाध्यापक का कहना है कि यदि पहली चोरी के मामले में समय रहते कार्रवाई हुई होती तो शायद दोबारा चोरी की घटना नहीं होती। लगातार चोरी की घटनाओं के चलते पिछले दो माह से मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी प्रभावित है।
घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने नजदीकी पुलिस चौकी पर प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाध्यापक ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। क्षेत्र में चौकीदारों की टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई जा रही है और चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



















































