चंदौली : जिले में लगातार वायरल हो रहे दो सनसनीखेज वीडियो ने पुलिस महकमे और आम लोगों में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक दबंगई करते हुए लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि युवक ने एक व्यक्ति के कपड़े उतरवाकर उसकी पिटाई की, वहीं दूसरे वीडियो में वह एक ऑटो चालक को निर्ममता से पीटता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में आरोपी युवक हाथ में पिस्टल लेकर धमकाता हुआ भी दिखाई दे रहा है। आरोपी की पहचान बबुरी थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव निवासी आशु सिंह के रूप में बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक पहला वायरल वीडियो करीब 9 से 10 महीने पुराना बताया जा रहा है। इस मामले में मिर्जापुर पुलिस द्वारा पहले ही आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि दूसरा वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
दूसरे वायरल वीडियो में आरोपी युवक द्वारा एक ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई। पीड़ित ऑटो चालक कृष्णानंद न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।
पीड़ित कृष्णानंद का आरोप है कि घटना की शिकायत थाना स्तर पर की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो की जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पूरा मामला बबुरी थाना क्षेत्र के बाजार इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित कृष्णानंद का बयान
“हम ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बिना किसी वजह के हमारे साथ मारपीट की गई। थाना पर शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। अब हम एसपी साहब से न्याय की मांग कर रहे हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी और के साथ ऐसी घटना न हो।”










































